आज देशभर में ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पर्व को भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताते हुए लोगों से इसे आपसी एकता और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि ईद-उल-अजहा सभी को एकजुटता और शांति के साथ रहने की प्रेरणा देता है। यह पर्व त्याग, प्रेम और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशवासी इस पर्व को सामाजिक सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इस अवसर पर शुभकामना संदेश भी जारी किया गया।
प्रदेशभर में चल रही थी व्यापक तैयारियाँ
बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने के लिए सरकार की ओर से पहले से ही तैयारियाँ की जा रही थीं। मुख्यमंत्री योगी ने स्वयं प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए थे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया था।
लखनऊ में ट्रैफिक पर विशेष प्रबंधन
राजधानी लखनऊ में पुलिस प्रशासन ने बकरीद के मद्देनज़र सुरक्षा को लेकर कड़े इंतज़ाम किए हैं। पुराने शहर क्षेत्र में 27 प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। इसके लिए पहले से ही रूट डायवर्जन की जानकारी आमजन को दी गई थी। नमाज स्थलों और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
शांति और सौहार्द की अपील
शहरों में पीस कमेटी की नियमित बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें धर्मगुरुओं ने भी भाग लिया और खुले में कुर्बानी न देने व किसी नई परंपरा को न अपनाने की अपील की। इन प्रयासों का सकारात्मक असर देखने को मिला, जिससे प्रदेशभर में पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर निगरानी बनाए हुए हैं।