पंजाब के लुधियाना में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना सामने आई। धमकी में स्कूलों के साथ-साथ रेलवे ट्रैक को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। ईमेल में दावा किया गया था कि अगले 24 घंटों के भीतर धमाके किए जा सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।
बताया जा रहा है कि यह ईमेल सबसे पहले शेरपुर स्थित सिप्रंग डेल पब्लिक स्कूल की आधिकारिक मेल आईडी पर आया था। संदेश में 23 से 24 तारीख के बीच स्कूल परिसर में विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इसके अलावा मेल में शहर के तीन अन्य स्कूलों और रेलवे ट्रैक का भी जिक्र किया गया था।
धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तुरंत छात्रों की छुट्टी कर दी और अभिभावकों को बच्चों को घर ले जाने की सूचना भेज दी। अचानक छुट्टी होने से स्कूल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा टीमें मौके पर पहुंच गईं।
सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल के पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली, लेकिन किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस की टीमें उन अन्य स्कूलों में भी जांच कर रही हैं जिनका जिक्र धमकी भरे ईमेल में किया गया था। साथ ही जीआरपी को भी रेलवे ट्रैक की जांच के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी स्कूल या स्थान से विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरा ईमेल किसने और कहां से भेजा।
इसी तरह बठिंडा में भी दो प्रमुख स्कूल—सेंट जेवियर और मिलेनियम स्कूल—को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एहतियात के तौर पर दोनों स्कूलों को खाली करवा दिया गया और छात्रों को सुरक्षित घर भेज दिया गया। वहीं बठिंडा रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सघन जांच अभियान चलाया। यात्रियों और उनके सामान की गहन तलाशी ली जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है और साइबर सेल इसकी जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।