मुज़फ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा चौक पर सड़क सुरक्षा को चुनौती देता एक खतरनाक स्टंट वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार थार (नंबर UP 12 BX 6642) की छत पर खड़े होकर जान जोखिम में डालते हुए स्टंट करता दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो गुरुवार सुबह का है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि युवक चलती गाड़ी के ऊपर खड़ा होकर बाहर निकल आया है। उसकी यह लापरवाह हरकत न केवल उसकी अपनी जान के लिए खतरा बनी हुई है, बल्कि आसपास से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी बड़ा जोखिम पैदा कर सकती है।


स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना व्यस्त भोपा रोड पर हुई, जहां दिनभर वाहनों का भारी दबाव रहता है। ऐसे में इस तरह की हरकत किसी बड़े हादसे को दावत दे सकती है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी देखने को मिली है और उन्होंने पुलिस-प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि जिले में पहले भी इस तरह के स्टंट वीडियो सामने आते रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने कई मामलों में कार्रवाई भी की है। इसके बावजूद कुछ लोग लगातार जानलेवा स्टंट करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन नंबर के आधार पर चालक और मालिक की पहचान की जा रही है, और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।