मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षति पहुंचाने और विरोध कर रहे दलित समुदाय के लोगों के साथ मारपीट के आरोप सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता योगेश वर्मा बृहस्पतिवार को मुरादाबाद जाने के लिए रवाना हुए, लेकिन मेरठ में पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
जानकारी के मुताबिक, सपा नेता योगेश वर्मा अपने समर्थकों के साथ ठाकुरद्वारा क्षेत्र जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र में मऊ खास पुलिस चौकी के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उनके काफिले को रोक दिया। किठौर क्षेत्राधिकारी प्रमोद कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए सपा नेता और उनके समर्थकों को आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इस दौरान कुछ समय के लिए हल्की बहस की स्थिति भी बनी, लेकिन पुलिस ने समझाइश देकर हालात को शांत कर दिया और सभी को मौके पर ही रोक लिया।
गौरतलब है कि मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में अंबेडकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने के बाद दलित समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद कथित मारपीट की घटनाओं के आरोप भी सामने आए, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक रंग ले लिया है और विभिन्न दलों के नेताओं की सक्रियता भी बढ़ गई है।