बिजनौर। नहटौर के नूरपुर रोड पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दूध की सप्लाई कर घर लौट रहे दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा गांव सराय के पास घने कोहरे में हुआ। मृतकों की पहचान कोतवाली देहात थाने के इलाइचीपुर खड़गू उर्फ सिकैड़ा निवासी नितिन कुमार (32) और ऋतिक उर्फ गोलू (22) के रूप में हुई है। दोनों दुग्ध कलेक्शन सेंटर से दूध एकत्र कर नूरपुर स्थित डेयरी तक सप्लाई किया करते थे।

परिजनों के अनुसार, बुधवार को नितिन और ऋतिक पिकअप से दूध लेकर डेयरी गए थे। देर रात करीब साढ़े 11 बजे लौटते समय उनकी पिकअप सड़क किनारे आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इसके कारण नूरपुर रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

नितिन और ऋतिक की मौत से उनके परिवार में मातम छा गया है। बुधवार को नितिन के बेटे का जन्मदिन था, जिसे मनाकर दोनों घर से दूध सप्लाई के लिए निकले थे। नितिन पीछे पत्नी और दो बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गए। ऋतिक के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है; उसके छोटे भाई की जिम्मेदारी और परिवार का सहारा ऋतिक ही थे। उनकी मौत से माता-पिता पूरी तरह टूट गए हैं और बार-बार यह कह रहे हैं कि किस्मत ने उन्हें धोखा दे दिया।