लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर जगरांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव गुडे के रहने वाले लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है।

बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि हादसा हाईवे पर बने ओवरब्रिज के पास हुआ। लुधियाना की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि बाइक का पिछला हिस्सा और कार का बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, टक्कर लगने से युवक कई फीट हवा में उछलकर सड़क पर गिर गया, जबकि उसकी बाइक कार में फंस गई थी। सूचना मिलने पर बस स्टैंड चौकी की पुलिस तुरंत पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।

जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और हादसे की आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।