पंचकूला। बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह (अदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया) के नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गाने के बोल और वीडियो को लेकर पंचकूला के सेक्टर-20 साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत चंडीमंदिर निवासी अभय चौधरी ने शुक्रवार (6 मार्च) को दी थी।
इसी बीच, हरियाणा महिला आयोग ने भी बादशाह को समन भेजा है। आयोग ने गाने में कथित रूप से आपत्तिजनक हरियाणवी लिरिक्स को लेकर 13 मार्च को पानीपत में सुनवाई निर्धारित की है।
शिकायत में क्या कहा गया?
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गाना सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें इस्तेमाल किए गए कुछ शब्द और दृश्य अश्लील और महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताए जा रहे हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि गाने में ‘टटीरी’ जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिसे ‘पाठशाला’ का विकृत रूप बताया गया है। इसके अलावा वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को दिखाया गया है और गाने के कुछ बोल महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचा सकते हैं। गाने के इन दृश्यों और शब्दों से बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की भी आशंका जताई गई है।
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
पुलिस ने मामले में धारा 294ए (अश्लीलता), और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वुमन एक्ट, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया है। जांच का जिम्मा सब-इंस्पेक्टर देशराज को सौंपा गया है।
मामला हरियाणा महिला आयोग तक भी पहुंच चुका है, जहां रैपर बादशाह को तलब किया गया है। फिलहाल पुलिस और आयोग दोनों इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं।