उत्तर प्रदेश के संभल जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। बनियाठेर क्षेत्र की नरौली नगर पंचायत में सरकारी भूमि पर निर्मित एक मदरसे को बुलडोजर से गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
बताया गया है कि चंदौसी तहसील के नरौली स्थित मोहल्ला बंजारी कुआं में जिस जमीन पर मदरसा बना था, वह राजस्व रिकॉर्ड में सार्वजनिक उपयोग की भूमि के रूप में दर्ज है। तहसीलदार रवि सोनकर ने 22 जनवरी को संबंधित गाटा संख्या की जमीन को लेकर बेदखली का आदेश जारी किया था।
बृहस्पतिवार को एसडीएम और क्षेत्राधिकारी पुलिस टीम के साथ स्थल पर पहुंचे। इसके बाद प्रशासन की निगरानी में ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए, हालांकि हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
अधिकारियों के अनुसार, सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं।