बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर आई धमकी और वैवाहिक विवाद के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ अपने पति के घर से चले जाने का फैसला किया।

शादी के बाद दरार, महिला की जिद और पूर्व प्रेम प्रसंग

कोतवाली देहात क्षेत्र के एक युवक की शादी जिले की एक युवती से हुई थी। कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच मतभेद पैदा हो गए। विवाद की मुख्य वजह महिला का पूर्व प्रेम संबंध था। मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद मीडिएशन सेल के माध्यम से दोनों पक्षों को समझौते के लिए बुलाया गया।

पुलिस और परिवार ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही और पति पर कई आरोप लगाए।

सोशल मीडिया पोस्ट से पति हुआ भयभीत

मीडिएशन के दौरान पति ने फेसबुक पर पत्नी के प्रेमी द्वारा डाली गई एक पोस्ट देखी। पोस्ट में मेरठ के चर्चित हत्याकांड की फोटो और साथ में नीला ड्रम व सीमेंट का संकेत था। पति ने इसे अपनी जान पर खतरे का अल्टीमेटम समझा और डर के कारण महिला को प्रेमी के साथ जाने देने का निर्णय लिया।

पति ने बताया कि जब पत्नी किसी भी कीमत पर साथ रहने को तैयार नहीं थी और जान का खतरा भी मंडरा रहा था, तो उन्होंने परिजनों और पुलिस की मौजूदगी में उसे प्रेमी के साथ छोड़ दिया।

पुलिस का कहना – महिला अपनी मर्जी से गई

महिला ने पहले पति पर आरोप लगाए थे और बाद में प्रेमी के साथ जाने की इच्छा जताई। पुलिस ने कहा कि महिला पूरी तरह अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ चली गई है। मामले में पति-पत्नी के बीच तलाक की कानूनी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।

  • स्रोत: बोबेश, महिला सेल प्रभारी