सीएम योगी ने क‍िया ऐलान, शुभांशु शुक्ला के नाम पर छात्रवृत्ति शुरू करेगी यूपी सरकार

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के पहले अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नाम पर विशेष छात्रवृत्ति शुरू करने की घोषणा की। यह छात्रवृत्ति उन छात्रों को मिलेगी, जो अंतरिक्ष विज्ञान और स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में उच्च शिक्षा हासिल करना चाहते हैं।

लोक भवन में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री ने शुभांशु शुक्ला को श्रीराम की प्रतिमा और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शुभांशु की उपलब्धि न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उनके अनुभव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देंगे और भारत की अंतरिक्ष क्षमताओं को और मजबूती प्रदान करेंगे।

सीएम योगी ने बताया कि करीब चार दशक बाद भारत को यह अवसर मिला है और शुभांशु ने अंतरिक्ष में 18 दिनों के दौरान 300 से अधिक बार पृथ्वी की परिक्रमा कर इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि जहां बहुत से लोग अपने शहर से बाहर नहीं निकल पाते, वहीं लखनऊ का यह सपूत पूरी पृथ्वी का कई बार चक्कर लगाकर लौटा है।

मुख्यमंत्री ने इसे भारत की प्राचीन वैज्ञानिक परंपरा से जोड़ते हुए कहा कि यह उपलब्धि हमारे ऋषि-मनीषियों की ज्ञान-धारा का विस्तार है। शुभांशु का अनुभव वर्ष 2027 में होने वाले अगले अंतरिक्ष अभियान के लिए मार्गदर्शक साबित होगा।

उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में स्पेस साइंस से जुड़े पाठ्यक्रम सीमित थे, लेकिन अब कई तकनीकी विश्वविद्यालयों में इस विषय में डिग्री प्रोग्राम शुरू हो चुके हैं। इससे युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान में नए अवसर मिलेंगे।

समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी शुभांशु पर गर्व जताया। इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने कहा कि विकसित भारत की दिशा में अंतरिक्ष अभियानों की बड़ी भूमिका होगी और भारत स्वदेशी तकनीक के बल पर लगातार आगे बढ़ रहा है।

इस मौके पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने शुभांशु की उड़ान को भारत के लिए नई ऊंचाइयों का प्रतीक बताया। कार्यक्रम के दौरान शुभांशु के परिवार को भी सम्मानित किया गया। उनकी मां आशा शुक्ला, पिता शंभू दयाल शुक्ला और पत्नी डॉ. कामना शुक्ला को उप मुख्यमंत्री व महापौर ने प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट किए। समारोह में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, वैज्ञानिक, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here