दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाई दुबई की अंतरराष्ट्रीय उड़ान मंगलवार शाम खराब मौसम के कारण काठमांडू एयरपोर्ट पर उतरने में असफल रही। बाद में विमान को सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया, जहाँ यह शाम करीब 7 बजे उतरा। विमान में कुल 157 यात्री और सात क्रू मेंबर सवार थे, जिन्हें सुरक्षित रूप से उतार लिया गया।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, काठमांडू में अचानक मौसम बिगड़ने के कारण लो विजिबिलिटी (कम दृश्यता) की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस वजह से एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी और उड़ान को वैकल्पिक हवाईअड्डा के रूप में लखनऊ भेज दिया गया।

फ्लाइट एफजेड-1595 को दुबई से दोपहर 12:40 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन थोड़ी देर देरी से यह 1:05 बजे रवाना हुई। काठमांडू में इसके पहुंचने का समय शाम 6:55 था। खराब मौसम के कारण यह निर्धारित समय पर काठमांडू एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी।

वर्तमान में विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़ा है और काठमांडू में मौसम सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही मौसम सुधार होता है, विमान को पुनः काठमांडू के लिए रवाना किया जाएगा।