उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक ठंडा स्वरूप ले लिया है। दिन का तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन रात के समय तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंडी उत्तरी-पश्चिमी हवाओं और साफ आसमान के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात बने हैं।

बीती रात इटावा, बरेली, कानपुर, बाराबंकी और अमेठी समेत लगभग 10 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। बाराबंकी, अयोध्या, शाहजहांपुर और मेरठ में भी ठंड ने लोगों को प्रभावित किया।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, 16 नवंबर तक मध्य यूपी में देर रात और भोर के समय हल्की शीतलहर बनी रह सकती है। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलेगी। 17 नवंबर से हवा का रुख बदलने के साथ तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है और ठंड का असर कम होने लगेगा।