अयोध्या में पूर्व पार्षद आलोक सिंह पर दशहरे के दिन फायरिंग, लखनऊ रेफर किया गया

अयोध्या। दशहरे के दिन अयोध्या जिले में पूर्व पार्षद और बीजेपी के रनर प्रत्याशी आलोक सिंह पर गोली चलाने की घटना सामने आई। उन्हें गंभीर हालत में दसरथ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक देखी गई और तुरंत लखनऊ रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, यह हमला राम घाट चौराहे पर हुआ, जो अयोध्या धाम कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आता है। आलोक सिंह उस समय अपने पार्टनर के साथ बातचीत कर रहे थे। उनके साथ कुछ कमेटी सदस्य भी मौजूद थे, जो मूर्ति विसर्जन के कार्यक्रम में शामिल थे। घटना के समय डीजे की तेज आवाज का फायदा उठाकर एक युवक ने गोली चला दी।

पुलिस ने आरोपी मोहित पांडे को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। गोली लगने से आलोक सिंह की गर्दन और कंधे में चोटें आई हैं। उनके परिवार के लोग और पुलिस की एक टीम उन्हें लखनऊ ले जा रही है।

सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि इस वारदात के पीछे प्रॉपर्टी डीलिंग को लेकर पुराने विवाद का हाथ हो सकता है। पुलिस अब मामले की गहन छानबीन कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में और कौन-कौन शामिल था।