लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 8 मार्च को महिलाओं के लिए विशेष पिंक रोजगार महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। इस मेले में कक्षा 12 से परास्नातक तक की योग्यताधारी करीब 5,000 युवतियों को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि इस बड़े रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और शिक्षित युवतियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार दिलाना है।

कौन-कौन सी कंपनियां होंगी शामिल

रोजगार महाकुंभ में ऑटोमोबाइल क्षेत्र की महिंद्रा, बैंकिंग और फाइनेंस क्षेत्र की बजाज, एचडीएफसी बैंक, ई-कॉमर्स की फ्लिपकार्ट के अलावा आईटी और रिटेल सेक्टर की कई बड़ी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। यह मेला 12वीं पास, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, पॉलीटेक्निक और डिप्लोमा धारक युवतियों के लिए खुला रहेगा।

चयन प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देश

महिला अभ्यर्थियों के लिए यह मेला विशेष रूप से समर्पित है, जहां ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू और चयन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इच्छुक युवतियों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल प्रति और फोटोकॉपी साथ लेकर समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।

इस महाकुंभ के माध्यम से लाखों युवा महिलाओं को रोजगार के सीधे अवसर मिलने की उम्मीद है और यह पहल महिला सशक्तिकरण और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।