ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में मंगलवार को दिन में नितिन नागर नामक युवक की बेरहमी से हत्या करने वाले मुख्य आरोपी मोनू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन ईकोटेक-1 थाना पुलिस ने विशेष चैकिंग अभियान चलाकर उसे दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
घटना की जानकारी
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को नितिन नागर अपने घर से बाहर निकले थे। वह गली में खड़ी गाड़ी निकालने ही जा रहे थे कि अचानक पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। नितिन पर गोली चलाई गई और चाकू से वार कर उनके गले पर हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस और सूत्रों के मुताबिक, यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी। आरोपियों में मोनू और सचिन जीते शामिल हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। मृतक की पत्नी श्वेता नागर की तहरीर के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
आरोपी भागने की फिराक में
पुलिस को सूचना मिली थी कि मोनू घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो रहा है। जब पुलिस ने उसका पीछा किया, तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोनू के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
अन्य आरोपियों की भी होगी गिरफ्तारी
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा, सुधीर कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में घायल मोनू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने चार टीमों का गठन कर हत्या की जांच तेज कर दी है और पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल जारी है।