नोएडा। सेक्टर 142 थाना क्षेत्र के एडवंट बिल्डिंग के पीछे निर्माणाधीन एक इमारत में रविवार को काम के दौरान बड़ा हादसा हुआ। सातवीं मंजिल से नीचे गिरने वाले तीन मजदूरों में से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार चल रहा है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मृतक मजदूरों की पहचान झारखंड के दुमका जिले के बनियारा गांव निवासी सेबु और बिहार के बांका जिले के शहसन गांव निवासी मंटू सिंह तथा मिथुन के रूप में हुई है। अस्पताल में सेबु और मंटू की मौत हुई, जबकि मिथुन का इलाज जारी है।
पुलिस ने हादसे के बाद ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में पता चला कि शटरिंग गिरने से तीनों मजदूर नीचे जा गिरे। पुलिस और अस्पताल कर्मियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य किया।