नोएडा – फेज तीन थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती को एक युवक ने धर्म छिपाकर प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर कई आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए। आरोपी ने उन्हें इंटरनेट पर प्रसारित करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया और 70 हजार रुपये भी ऐंठ लिए।
पीड़िता ने 27 फरवरी को फेज तीन थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन 18 दिन तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं का धैर्य टूट गया। मंगलवार शाम को कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया और करीब पौन घंटे तक जमकर हंगामा किया। एसीपी उमेश कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने व सख्त कार्रवाई का आश्वासन देने पर भीड़ शांत हुई।
शादी का झांसा देकर धोखा
मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली युवती नोएडा में रहती है और प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। दो साल पहले युवती की इंस्टाग्राम पर विकास कुमार नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों का प्रेम संबंध लिव-इन में बदल गया। विकास ने शादी का वादा किया और इसी दौरान युवती के कई आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाए।
कुछ समय बाद युवती को पता चला कि विकास कुमार का असली नाम मोहम्मद रमीज है और वह मध्य प्रदेश के मंदसौर का रहने वाला है। इस पर जब युवती ने विरोध किया, तो युवक ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी ने वीडियो इंटरनेट पर फैलाने की धमकी देकर 70 हजार रुपये भी ऐंठ लिए।
पुलिस कार्रवाई और आरोपित की तलाश
युवक मोबाइल बंद कर मध्य प्रदेश भाग गया। पीड़िता लगातार थाने और चौकी में शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने पर हंगामा कर पुलिस को कार्रवाई के लिए मजबूर किया। एसीपी उमेश कुमार ने बताया कि युवती की शिकायत पर विकास कुमार उर्फ मोहम्मद रमीज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।