शिमला। जिला शिमला के रामपुर उपमंडल के तहत तकलेच चौकी क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। उरमण के पास एक पिकअप वाहन (HP06B-2420) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिसमें सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में कुल छह लोग सवार थे और सभी रामपुर व आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार की गई है। अभिषेक सनी (23), पुत्र नरसिंह सानी, निवासी शरनाल, काशापाट; लायक राम (56), पुत्र मागु राम, निवासी पाठ, काशापाट; अशोक जैन (32), पुत्र ध्यान जैन, निवासी छलटा (चालक); नितिन (23), पुत्र मैन सिंह जैन, निवासी छलटा; आशा कुमारी, पत्नी सत्य प्रकाश, निवासी कुवाणु, बिशलाधार (आनी, कुल्लू) और युगल, पुत्र सत्य प्रकाश, निवासी कुवाणु, बिशलाधार शामिल हैं।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस दर्दनाक घटना के बाद रामपुर और आनी क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।