कानपुर। प्रयागराज की ओर जा रही एक मालगाड़ी के दो डिब्बे कानपुर के भीमसेन स्टेशन के पास पटरी से उतर गए, जिससे रेल संचालन प्रभावित हो गया। यह घटना देर रात करीब 2:15 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद ट्रैक पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

रेलवे कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी कानपुर सेंट्रल से होकर प्रयागराज की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान झकरकटी के आगे भीमसेन के पास अचानक इसके दो डिब्बे डीरेल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

घटना के दौरान लोको पायलट ने लगातार सायरन बजाकर आसपास के क्षेत्र को अलर्ट किया, जिससे कुछ देर के लिए स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हादसे के बाद से लगभग ढाई से तीन घंटे का समय बीत चुका है और रेलवे की टीमें मौके पर ट्रैक बहाली के काम में जुटी हुई हैं।

डीरेलमेंट के कारण इस रूट पर रेल यातायात बाधित है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कानपुर से प्रयागराज के बीच मालगाड़ियों के लिए ईस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (EDFC) का विशेष रूट संचालित होता है, जिस पर केवल मालगाड़ियों का संचालन किया जाता है। फिलहाल इस मार्ग पर मालगाड़ियों की आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित हुई है।