औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मिहौली के पास शनिवार देर रात एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। दुर्घटना तब हुई जब मौरंग से भरा डंपर सड़क किनारे खड़े खराब हार्वेस्टर से टकरा गया। सभी घायलों को एंबुलेंस और पेट्रोलिंग वाहनों के जरिए जिला अस्पताल, औरैया ले जाया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को रविवार सुबह 11 बजे हटाया गया।

जानकारी के अनुसार, मैनपुरी के थाना बेवर के सागत बिहार गांव निवासी दीपक अपने साथी क्लीनर आकाश के साथ डंपर में मौरंग लादकर कालपी (जालौन) से शाहजहांपुर के लिए रवाना हुआ था। हादसे के पीछे का कारण चालक दीपक को झपकी लगना बताया जा रहा है।

हादसे के बाद चालक दीपक घायल आकाश को डंपर के केबिन में छोड़कर मौके से भाग गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हार्वेस्टर पर सो रहे पीलीभीत के थाना देवरियकलां के मीरपुर रतन गांव निवासी 60 वर्षीय सतनाम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उनके भाई 50 वर्षीय संपूर्ण सिंह, भतीजा 18 वर्षीय करज व बाबू सिंह और शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र के नटूरा निवासी हरप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गए।