बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बड़ा बाइपास पर सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से बोलेरो और बाइक की टक्कर हो गई, जिससे पांच लोगों की जान चली गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परधौली के पास बड़ा बाइपास पर एक टैंकर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान शाम करीब साढ़े चार बजे शहर की ओर से रामपुर की तरफ जा रही गोरखपुर नंबर की बोलेरो पीछे से टैंकर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसी बीच पीछे से आ रही एक बाइक भी बोलेरो से टकरा गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने बाइक सवार दोनों युवकों और बोलेरो में सवार तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल तीन अन्य लोगों का इलाज जारी है, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।

मृतकों में बाइक सवार सीबीगंज के अटा कायस्थान निवासी मुमताज और शहजाद की पहचान हुई है। वहीं बोलेरो में सवार मृतकों में फरीदपुर निवासी मनमोहन और पीलीभीत के बीसलपुर निवासी दुर्गेश शामिल हैं।

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि दुर्घटना में कुल पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर उनका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।