मेरठ के सरधना में भाजपा की स्टार प्रचारक और इंटरनेशनल पहलवान बबीता फोगाट पर हमला हुआ है। साथ मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें भीड़ से बाहर निकाला। हालांकि हमले में तीन महिलाओं समेत 5 लोग घायल भी हुए हैं। हमलावरों ने बबीता की गाड़ी पर भी हमला किया।
बबीता दबूथवा गांव में भाजपा के लिए प्रचार करने पहुंची थीं। साथ में मनिंदर की पत्नी सिंपल साथ थीं। यह क्षेत्र सिवालखास विधानसभा में आता है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। हमलावर जयंत की पार्टी RLD के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं।
जिस गाड़ी पर सपा का झंडा-समझो उसमें बैठा गुंडा
बबिता सिंह फोगाट ने कहा, आज की घटना के बाद अजीत सिंह चौधरी की एक लाइन याद गई कि जिस गाड़ी के ऊपर सपा का झंड़ा, समझो उस गाड़ी में बैठा गुंडा। आज उन्होंने यह चरितार्थ करके दिखा दिया मेरी आंखों के सामने कि आज तक तो सुनते आ रहे हैं और आज मैंने आंखों से देख लिया कि जिस गाड़ी के ऊपर सपा का झंडा हो, उस गाड़ी में जितने लोग बैठे हों, वे सब गुंडे हैं।
सपा गठबंधन के लोगों ने हमला किया है। एक महिला का पैर टूटा है, महिलाओं के साथ बद्तमीजी की गई है। काफिले में मौजूद कारों को भी तोड़ा गया है। आप समाज को क्या मैसेज देना चाहते हैं। बहन-बेटियों के ऊपर हमला करेंगे। अजीत सिंह चौधरी ने ये सिखाया है कि आप गुंडा गर्दी करेंगे। बहन-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करेंगे। ये हमारे संस्कार तो नहीं हो सकते।
नारेबाजी करते हुए काफिले पर हमला किया
थाना सरधना के दबूथवा गांव जाट बाहुल्य गांव है। वे भाजपा प्रत्याशी मनिंदर पाल का प्रचार करने के लिए पहुंची थीं। गांव में बबीता किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष भाजपा सत्येंद्र चौधरी के घर पर नाश्ता कर रहीं थीं। यहां से निकलते ही रास्ते में खड़े 15-20 रालोद कार्यकर्ता अंकित चौधरी और समर्थकों ने भाजपा के काफिले का विरोध किया।
इस दौरान अंकित चौधरी और भाजपा नेता सत्येंद्र चौधरी में कहासुनी हो गई। भाजपा नेता सत्येंद्र का आरोप है कि रालोद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हमारे साथ लाठी डंडों से मारपीट कर दी। इसमें सतेंद्र को भी चोट पहुंचने बताई गई है।
गांव के लोगों ने बचाई जान
ग्रामीणों ने किसी तरह उनकी जान बचा ली, लेकिन कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों को सरधना के सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, मौके पर पुलिस प्रशासन के लोग भी पहुंच चुके हैं। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
पुलिस ने सफाई दी है कि बबीता फोगाट के ऊपर हमला नहीं हुआ है। वो कार्यक्रम सकुशल संपन्न कर मेरठ से जा चुकी हैं। कार्यक्रम स्थल पर दो पार्टियों के दो कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई में एक व्यक्ति के चोट आयी है। उपचार करवाया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।
10 दिन पहले भी प्रत्याशी मनिंदर के काफिले पर हुआ था हमला
बताते चलें कि मेरठ में भाजपा प्रत्याशियों और समर्थकों पर हमले की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। इससे पहले इसी सिवालखास विधानसभा के गुड़गांव में 10 दिन पहले भाजपा प्रत्याशी मनिंदर पाल और उनके काफिले की पांच गाड़ियों में आरएलडी समर्थकों ने तोड़फोड़ कर दी थी। इस संबंध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने में तहरीर देने की बात कही है।