कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच वरिष्ठ भाजपा नेता और विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता सुवेंदु अधिकारी ने एक बड़ा राजनीतिक कदम उठाया है। भाजपा के राज्य स्तरीय घोषणापत्र जारी होने से पहले ही सुवेंदु ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपना विशेष और पृथक घोषणापत्र बुधवार को जारी किया।
भवानीपुर के लिए विशेष घोषणापत्र
सुवेंदु इस बार नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। भवानीपुर ममता बनर्जी का परंपरागत और गृह विधानसभा क्षेत्र है। “विकसित भवानीपुर” नामक इस दस्तावेज में चार मुख्य वादे किए गए हैं, जो स्पष्ट संकेत देते हैं कि भाजपा इस बार मुख्यमंत्री के गढ़ में उन्हें चुनौती देने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।
सुवेंदु ने घोषणापत्र में भवानीपुर की जनता के लिए बेहतर नागरिक सुविधाओं का वादा किया है। इसमें हर घर तक नल से शुद्ध पेयजल, जर्जर सड़कों का पुनर्निर्माण और आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम का आश्वासन शामिल है। उन्होंने कोलकाता में मानसून के दौरान बिजली के करंट से होने वाली मौतों के स्थायी समाधान का भी वादा किया है।
सुरक्षा और व्यापारिक सुशासन
भवानीपुर के मिश्रित जनसांख्यिकीय स्वरूप को ध्यान में रखते हुए, सुवेंदु ने व्यापारियों की सुरक्षा पर जोर दिया। ज्वेलरी शोरूम और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर होने वाले सशस्त्र हमलों और तोलाबाजी (जबरन वसूली) को रोकने का भरोसा उन्होंने दिया।
सुवेंदु का लक्ष्य अवैध निर्माण, संपत्ति पर जबरन कब्जा और सिंडिकेट राज को समाप्त करना है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त करने और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का भी वादा किया।
विरासत संरक्षण और युवा कल्याण
राजनीतिक वादों के अलावा सुवेंदु ने भवानीपुर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को भी ध्यान में रखा है। उन्होंने आदि गंगा के घाटों का जीर्णोद्धार और स्नान योग्य बनाने, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों के निवास स्थलों व स्थानीय धार्मिक केंद्रों को राजनीति से दूर रखने का संकल्प लिया।
साथ ही, कालीघाट के कुम्हारों और शिल्पकारों के लिए विशेष सरकारी सहायता और सरकारी स्कूलों में कौशल विकास कार्यक्रम शुरू करने की योजना पेश की गई, ताकि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें।
सुवेंदु अधिकारी गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में भवानीपुर सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।