मेरठ। विश्व साइकिल दिवस के मौके पर 7 जून को मेरठ में “वर्ल्ड बाइसिकल डे राइड 2026” का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष राइड में साइकिल प्रेमी और फिटनेस को लेकर जागरूक लोग बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करना है।
सुबह 5 बजे से होगी राइड की शुरुआत
अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्ट सचिन कुमार ने जानकारी दी कि राइड की शुरुआत सुबह 5 बजे मवाना रोड स्थित डिफेंस कॉलोनी के सामने प्रो बाइसिकल शॉप से की जाएगी। उन्होंने प्रतिभागियों से समय से पहले पहुंचने की अपील की है ताकि आयोजन तय समय पर सुचारु रूप से शुरू हो सके।
15, 30 और 60 किलोमीटर के विकल्प
यह साइकिल राइड मवाना रोड से शुरू होकर सलारपुर होते हुए आउटर रिंग रोड तक पहुंचेगी। इसके बाद प्रतिभागी अपनी क्षमता और इच्छा के अनुसार 15, 30 या 60 किलोमीटर की दूरी का चयन कर सकेंगे। आयोजक रिंकू पवार ने बताया कि यह पहल साइकिलिंग को एक पर्यावरण हितैषी और स्वास्थ्यवर्धक परिवहन साधन के रूप में बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही है।
सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य
आयोजन समिति के अनुसार 11 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोग इस राइड में भाग ले सकेंगे। सभी प्रतिभागियों के लिए हेलमेट और अन्य सुरक्षा उपकरण पहनना अनिवार्य किया गया है। राइड पूरी होने के बाद प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से अपनी यात्रा समाप्त कर सकेंगे। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।