मेरठ जिले के सरूरपुर क्षेत्र के करनावल कस्बे में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। यहां दो पोतों पर अपने ही 82 वर्षीय दादा की गोली मारकर और चाकू से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है। फिलहाल उनकी तलाश में कई पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
चौपाल पर बैठे दादा पर हमला
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात भोजन के बाद विजयपाल गांव की चौपाल पर बैठकर अन्य ग्रामीणों के साथ हुक्का पी रहे थे। तभी अचानक दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत के उन पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले विजयपाल के सीने में गोली मारी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी हमलावर रुके नहीं और उन पर चाकू से कई वार किए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
CCTV से हुई आरोपियों की पहचान
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपियों की पहचान मृतक के ही दो पोतों—निक्की और सागर—के रूप में हुई है। मृतक के एक अन्य पोते भानू की तहरीर पर दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं।
20 बीघा जमीन को लेकर विवाद का शक
जांच में सामने आया है कि विजयपाल के पास करीब 80 बीघा कृषि भूमि थी, जिसे उन्होंने अपने बेटों के बीच बांट दिया था, जबकि 20 बीघा जमीन अपने पास रखी थी।
बताया जा रहा है कि इसी जमीन को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आशंका है कि इसी संपत्ति विवाद और लालच के चलते दोनों पोतों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।