औरैया/बिधूना। कोतवाली बिधूना पुलिस ने मोहल्ला सूरजपुर में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू और लूटे गए जेवरात भी बरामद किए हैं।
27 मई को मिला था शव
27 मई को थाना बिधूना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सूरजपुर स्थित एक बंद मकान में 65 वर्षीय संतोष कुमारी का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। मृतका का बेटा अपने परिवार के साथ मध्य प्रदेश के विदिशा में रहता है, जबकि वह घर में अकेली रहती थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने भी मौके का निरीक्षण किया था। मृतका के बेटे जैनेंद्र कुमार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
एसपी ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार तड़के करीब 2 बजे आरोपी टीटू उर्फ आशीष निवासी मोहल्ला सूरजपुर, कस्बा बिधूना को कमलपुर नहर पट्टी के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी का कबूलनामा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 25 मई की रात वह अपनी बुआ संतोष कुमारी के घर गया था। वहां विवाद के दौरान बुआ द्वारा उसकी मां को लेकर आपत्तिजनक बातें कहने और थप्पड़ मारने से वह आक्रोशित हो गया। शराब के नशे में उसने आपा खो दिया और कुर्सी पर बैठी बुआ पर चाकू से गर्दन पर 5–6 वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए मृतका का मोबाइल बाथरूम में फेंक दिया और घर के दरवाजे पर ताला लगाकर फरार हो गया।
लूटे गए जेवर और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खाली प्लॉट से हत्या में प्रयुक्त चाकू, सोने के कुंडल, चांदी की पायल, दो मोबाइल फोन और 2400 रुपये नकद बरामद किए हैं।