सिरमौर। लोकतंत्र के पर्व में मतदान के दौरान अक्सर उत्साह और जिम्मेदारी की तस्वीरें देखने को मिलती हैं, लेकिन ग्राम पंचायत फूलपुर में शनिवार को एक ऐसा दिलचस्प वाकया सामने आया जिसने मतदान केंद्र का माहौल हल्का-फुल्का और चर्चा से भर दिया।
दोपहर करीब 12 बजे मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी थीं और लोग धूप में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलिंडर सप्लाई करने वाली गाड़ी वहां पहुंच गई।
मतदान छोड़ सिलिंडर के पीछे दौड़े मतदाता
गैस गाड़ी के पहुंचते ही कतार में खड़े कई लोग अपनी बारी छोड़कर घर की ओर दौड़ पड़े और खाली सिलिंडर लेकर वापस मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां मुकेश, दर्शन सिंह, मुश्ताक, शेरा, रामू और नरेश चौधरी जैसे ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
प्रत्याशी भी पहुंचे सिलिंडर लेने
सबसे रोचक दृश्य तब देखने को मिला जब चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी भी हाथ में खाली सिलिंडर लेकर गैस गाड़ी के पास पहुंच गए। कुछ देर पहले तक मतदाताओं से समर्थन मांग रहे यह प्रत्याशी भी घरेलू जरूरत को प्राथमिकता देते नजर आए।
उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि घर की जिम्मेदारियों के चलते सिलिंडर लेना जरूरी था, जबकि लोगों से संपर्क मतदान के बाद भी जारी रह सकता है।
करीब आधे घंटे तक चला दिलचस्प दृश्य
करीब 30 से 45 मिनट तक फूलपुर पंचायत में मतदान और गैस वितरण के बीच यह अनोखा दृश्य चलता रहा। ग्रामीणों के अनुसार मतदान महत्वपूर्ण है, लेकिन गैस की आपूर्ति का मौका बार-बार नहीं मिलता।
यह पूरा वाकया क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया, जहां लोकतंत्र के बीच घरेलू जरूरतों ने कुछ समय के लिए माहौल को अलग ही मोड़ दे दिया।