उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बंदरों का उत्पात लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। शनिवार को कचहरी परिसर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब बैनामा कराने आए एक युवक के दो लाख रुपये लेकर बंदर पेड़ पर चढ़ गया और नोट उड़ाने लगा। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, कचहरी में अधिवक्ता सोहनपाल और आमिर खान के चैंबर पर एक युवक जमीन का बैनामा कराने पहुंचा था। स्टांप खरीदने के लिए अधिवक्ता ने रविंद्र लोधी उर्फ राजू को दो लाख रुपये एक पॉलिथीन में रखकर दिए थे। जैसे ही वह पॉलिथीन लेकर चैंबर से बाहर निकला, तभी एक बंदर झपट्टा मारकर पैसे छीनकर भाग गया।
पेड़ पर चढ़कर फेंके नोट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बंदर पैसे से भरी पॉलिथीन मुंह में दबाकर पास के पेड़ पर चढ़ गया। जब लोगों ने उसे भगाने और पैसे वापस लेने की कोशिश की तो उसने नोट नीचे गिराने शुरू कर दिए। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग नोट उठाने में जुट गए।
1.98 लाख रुपये वापस मिले
इस पूरी घटना में बंदर ने कुछ नोट फाड़ भी दिए, हालांकि लोगों की मदद से करीब 1 लाख 98 हजार रुपये बरामद कर लिए गए। कुछ राशि नुकसान का शिकार हुई। इस अजीबोगरीब घटना ने पूरे कचहरी परिसर में लोगों को हैरान कर दिया और दिनभर यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।