मुजफ्फरनगर। थाना क्षेत्र के गांव दुहेली में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब खेत में चारा लेने गए एक किसान को खेत में एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया।
यामीन का पुत्र भोलू सुबह करीब 8 बजे पशुओं के लिए चारा काटने खेत गया था। घास काटते समय अचानक उसे किसी जीव की हलचल महसूस हुई। ध्यान से देखने पर उसने देखा कि करीब 10 फीट लंबा अजगर किसी शिकार को निगल चुका था।
अजगर को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जानकारी तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन रेंजर आदित्य सोनकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में नितिन, कमल, सोहनवीर सिंह सहित अन्य कर्मी शामिल थे। ग्रामीणों की मदद से वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।
बाद में अजगर को पकड़कर कालेवाला वेटलैंड (झील क्षेत्र) में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।