मुजफ्फरनगर: जानसठ क्षेत्र के भलवा गांव में एक प्रेम कहानी का अंत बेहद दुखद और हिंसक तरीके से हुआ। 31 वर्षीय रोहित ने अपनी प्रेमिका प्रगति उर्फ डोली (27) की उसके ही घर में चाकू से गला काटकर हत्या कर दी, फिर खुद पर भी वार कर जान दे दी। प्रगति की शादी 8 फरवरी को तय थी। दोनों के घर आमने-सामने थे।

बताया गया है कि प्रगति गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करती थी, जबकि रोहित रोडवेज में कंडक्टर था। दोनों के बीच पिछले चार साल से रिश्ता चल रहा था। प्रगति की शादी मेरठ के सरधना में तय हुई थी और वह दो दिन पहले ही अपने गांव लौटी थी।

कमरे से आई चीखें, मच गया हड़कंप
गुरुवार शाम करीब पांच बजे रोहित प्रगति के घर पहुंचा। दोनों एक कमरे में चले गए। कुछ देर बाद अंदर से चीखने की आवाजें सुनाई दीं, जिस पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाना शुरू किया। दरवाजा खुलते ही रोहित ने खुद पर भी चाकू से हमला कर लिया। इसके बाद पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

परिजनों ने लगाया ऑनर किलिंग का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय वर्मा मौके पर पहुंचे। रोहित के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि लड़की पक्ष ने ऑनर किलिंग करवाई है। हालात को संभालते हुए पुलिस ने समझा-बुझाकर शवों को कब्जे में लिया।

एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।