मुजफ्फरनगर। अहमदाबाद में खेले गए टी20 विश्व कप फाइनल में टीम इंडिया की जीत के बाद मुजफ्फरनगर में जश्न का माहौल बन गया। शहर के प्रमुख शिव चौक पर सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी इकट्ठा हुए और तिरंगा लहराते हुए खुशी मनाई। लोगों ने पटाखे छोड़े और देर रात तक आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। माहौल ऐसा था मानो होली और दिवाली एक साथ मनाई जा रही हो।
फाइनल मुकाबले को लेकर रविवार सुबह से ही क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह देखा जा रहा था। कई घरों और प्रतिष्ठानों पर मैच देखने के लिए खास इंतजाम किए गए थे। जैसे ही भारत की जीत पक्की हुई, रात करीब पौने 11 बजे बड़ी संख्या में लोग शिव चौक पहुंच गए। वहां ढोल की थाप पर लोगों ने नाच-गाकर जीत का जश्न मनाया।
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर शहर के उद्यमियों और व्यापारियों ने भी खुशी जताई। आईआईए के पूर्व चेयरमैन विपुल भटनागर ने बताया कि उन्होंने साथियों के साथ मिलकर मैच देखा और जीत के बाद देर रात तक जश्न मनाया।
वहीं सिसौली कस्बे के पट्टी चौधरान इलाके में भी क्रिकेट प्रेमियों ने बड़े पर्दे पर फाइनल मुकाबले का आनंद लिया। शाम से ही वहां लोग इकट्ठा होने लगे थे और भारत की जीत के बाद सभी ने मिलकर खुशी जाहिर की।