मुजफ्फरनगर में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक आरोपी को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान को बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रत्नेश पुत्र राजेंद्र, निवासी योगेंद्रपुरी के रूप में हुई है। यह कार्रवाई जाट कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद की गई। मंदिर के पुजारी पंडित धर्मेंद्र शर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी कि मंदिर के दानपात्र से नकदी चोरी हो गई है।
सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि करीब 10 से 12 दिन पहले उसने मेरठ रोड स्थित एक शनिदेव मंदिर में भी चोरी की थी। वहां उसने दानपात्र को कंबल में लपेटकर जंगल में ले जाकर तोड़ा और नकदी निकाल ली थी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल किया गया कंबल भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके। साथ ही उसके संभावित साथियों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।