मुजफ्फरनगर: कचहरी के मुख्य द्वार पर शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक पारिवारिक विवाद को सुलझाने पहुंचे दो पक्षों के बीच कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्ष आपसी विवाद के समाधान और समझौते के लिए कचहरी पहुंचे थे। बातचीत के दौरान एक दुधमुंही बच्ची की जिम्मेदारी और उसे स्वीकार करने को लेकर विवाद गहरा गया। कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों ओर से धक्का-मुक्की, थप्पड़ तथा लात-घूंसे चलने लगे।

घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिला और पुरुष पक्ष के लोग एक-दूसरे से उलझते दिखाई दे रहे हैं।


घटना के बाद महिला राखी ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राखी ने बताया कि वह बसेड़ा क्षेत्र के निकट स्थित घुमट्टी गांव की रहने वाली है और उसकी शादी सलेमपुर निवासी सचिन से हुई थी। उनका आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद पति ने उन्हें छोड़ दिया, जिसके चलते वह पिछले करीब छह महीनों से अपने मायके में रह रही हैं।

राखी का कहना है कि उनके पति बच्ची को अपनी संतान मानने से इंकार कर रहे हैं और उसके चरित्र पर भी सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी को संदेह है तो वह डीएनए जांच कराने के लिए भी तैयार हैं, लेकिन एक मासूम बच्ची को अस्वीकार करना उचित नहीं है।


महिला ने आरोप लगाया कि कचहरी गेट पर उनके पति सहित ससुराल पक्ष के कई लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। हालांकि, इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों को लेकर लोगों के बीच चर्चा जारी है। मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।