मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुजफ्फरनगर दौरे के दौरान मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय विजेंद्र पाल के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

नुमाइश ग्राउंड में आयोजित रोजगार मेले की विशाल जनसभा के बाद मुख्यमंत्री ने वहीं पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के साथ परिजनों से भेंट की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा अपने प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता और उनके परिवार के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी रहती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार की ओर से परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस मौके पर राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रोजगार मेले में शामिल होने के लिए मुजफ्फरनगर आए थे, जहां उन्होंने युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।