मुजफ्फरनगर में गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग को लेकर गौ सेवकों ने बड़ा अभियान चलाया। शनिवार को शहर के शिव चौक पर “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत एक हस्ताक्षर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर समर्थन दर्ज कराया।
यह अभियान गौ सेवक नीशू के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक चला। पूरे दिन चले इस कार्यक्रम में कुल 4353 लोगों ने हस्ताक्षर कर गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग का समर्थन किया।
इस मौके पर शहर के कई सामाजिक और राजनीतिक व्यक्तियों ने भी समर्थन दिया। इनमें वरिष्ठ सपा नेता राकेश शर्मा, शिवसेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा और क्रांति सेवा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी शामिल रहे।

गौ सेवक नीशू ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य गाय और गौवंश के सम्मान से जुड़ी मांगों को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 27 अप्रैल को ‘गौ सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा और इस दिन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने अपनी प्रमुख मांगों में गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ सेवा के लिए अलग केंद्रीय मंत्रालय बनाने और चारा सुरक्षा नीति लागू करने की बात रखी।
नीशू ने यह भी बताया कि यह अभियान केवल मुजफ्फरनगर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे देशभर में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत प्रतीकात्मक रूप से नंगे पांव रहकर आंदोलन किया जा रहा है, जो पिछले लगभग 15 दिनों से जारी है।
इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर गायों के लिए अलग श्मशान घाट और अंतिम संस्कार की व्यवस्था जैसी मांगें भी शामिल हैं।