मुजफ्फरनगर के सिसौली में शनिवार को जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता दिग्विजय चौटाला ने भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 27 अप्रैल को हिसार में होने वाली छात्र पंचायत के लिए समर्थन और सहभागिता का आग्रह किया।
बैठक के दौरान दिग्विजय चौटाला ने नरेश टिकैत को छात्र पंचायत में शामिल होने का निमंत्रण दिया और कहा कि यह आयोजन छात्रों से जुड़े अहम मुद्दों को उठाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने इस पहल में किसान संगठनों के सहयोग को जरूरी बताया।
नरेश टिकैत ने चौटाला के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्र पंचायत में अपने समर्थकों के साथ शामिल होने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे हमेशा छात्रों और किसानों के हितों की आवाज उठाने के साथ खड़े रहे हैं।

इस मौके पर टिकैत ने यह भी कहा कि चौटाला परिवार लंबे समय से किसान और मजदूर वर्ग की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहा है। दिग्विजय चौटाला ने भी कहा कि किसान और छात्र मुद्दे एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, इसलिए संयुक्त रूप से आवाज उठाना समय की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सिसौली जैसे किसान आंदोलन के ऐतिहासिक केंद्र से समर्थन मिलना इस अभियान को और मजबूती देगा।