मुजफ्फरनगर। ईरान में हाल के तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों को देखते हुए, जिला प्रशासन ने सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी है। फंसे हुए नागरिकों और संभावित खतरे में लोगों की मदद के लिए कलक्ट्रेट परिसर में एक इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (ईओसी) स्थापित किया गया है। यह केंद्र 24 घंटे सक्रिय रहेगा और परिजनों की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करेगा।
जिला प्रशासन ने इस उद्देश्य के लिए तीन हेल्पलाइन नंबर भी तत्काल प्रभाव से चालू किए हैं – 9412210080, 0131-2436918 और टोल फ्री नंबर 1077। इन नंबरों पर संपर्क कर परिजन अपने रिश्तेदारों की लोकेशन, स्थिति और अन्य जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम लगातार कार्यरत रहेगा। यहां तैनात अधिकारी और कर्मचारी प्राप्त जानकारी का संकलन करेंगे और उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। जरूरत पड़ने पर विदेश मंत्रालय और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर जरूरी सहायता और कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एहतियात की सलाह
एडीएम वित्त एवं राजस्व ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से ही सहायता प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि ईओसी का उद्देश्य समय पर सही सूचना और मदद उपलब्ध कराना है, जिससे नागरिक सुरक्षित रहें और किसी तरह की अनिश्चितता न बढ़े।