मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे टहल रहे चार लोगों को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक घटना के बाद वाहन समेत फरार हो गया।

मृतका की पहचान 45 वर्षीय बबीता के रूप में हुई है। घायलों में धीरज पाल, सुनीता और आठ वर्षीय बच्ची परी शामिल हैं। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग रात में सड़क किनारे टहल रहे थे, तभी पीछे से आए तेज गति वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बबीता ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायल सड़क पर दूर जा गिरे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।