मुजफ्फरनगर के थाना खालापार क्षेत्र में पुलिस ने अंधविश्वास का सहारा लेकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो झाड़फूंक और तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर लोगों को ठगते थे।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में गाजियाबाद के आबिद, बागपत के असलम उर्फ युसुफ और लोनी निवासी नगीना शामिल हैं। इनके पास से एक पीले धातु का कंगन, तीन मोबाइल फोन, एक बैग, हजारों की संख्या में विजिटिंग कार्ड और एक वैगनआर कार बरामद की गई है।


यह मामला तब सामने आया जब 16 अप्रैल को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि एक महिला झाड़फूंक के बहाने उसके घर पहुंची और आभूषणों को एक पोटली में रखने को कहा। इसके बाद उसने चालाकी से पोटली बदल दी और जेवर लेकर फरार हो गई।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एक टीम गठित की। गुरुवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह पहले इलाके में अपने विजिटिंग कार्ड बांटता था। संपर्क करने वाले लोगों के घर पहुंचकर खुद को तांत्रिक बताता और झाड़फूंक के बहाने जेवरात हड़प लेता था।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। अधिकारियों का मानना है कि इनके खिलाफ और भी मामले सामने आ सकते हैं।