मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो गई है। तीन दिनों तक चलने वाली इस लिखित परीक्षा के पहले दिन जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया। अनुमान के अनुसार करीब 47 हजार उम्मीदवार पहले दिन परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली और लंबी कतारें लग गईं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रवेश से पहले कई स्तरों पर सख्त जांच की गई। कुछ केंद्रों पर तो अभ्यर्थियों के जूते तक उतरवाकर तलाशी ली गई, ताकि किसी तरह की नकल सामग्री या प्रतिबंधित वस्तु अंदर न जा सके।
परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, जबकि पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।
यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चल रही है। परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल तक विभिन्न केंद्रों पर कराई जाएगी।
प्रशासन की ओर से पहले ही अभ्यर्थियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, जिनमें समय से पहले पहुंचने और केवल जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील की गई थी। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और प्रशासनिक सख्ती के चलते व्यवस्था सुचारु बनी रही।