मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के अमीरनगर गांव में नाबालिग लड़की के कथित अपहरण का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर स्वामी यशवीर महाराज ने ‘लव जिहाद’ और धर्मांतरण के आरोप लगाते हुए प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

युवक पर नाबालिग को बहला-फुसलाने का आरोप

आरोप है कि गांव के ही एक मुस्लिम युवक ने नाबालिग हिंदू लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। स्वामी यशवीर महाराज का कहना है कि परिवार पहले से ही युवक की गतिविधियों से परेशान था, जिसके चलते वे कुछ समय के लिए पंजाब भी चले गए थे।


परिजनों का आरोप है कि वहां से भी लड़की को नशीला पदार्थ देकर वापस लाया गया और उसके बाद यह घटना हुई।

परिवार ने पुलिस पर लगाए आरोप

पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने तितावी थाने में कई बार शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और लड़की की जल्द बरामदगी की मांग की है।

24 मई तक कार्रवाई न होने पर महापंचायत की चेतावनी

स्वामी यशवीर महाराज ने मामले को ‘लव जिहाद’ और धर्मांतरण से जोड़ते हुए चेतावनी दी है कि यदि 24 मई तक लड़की की बरामदगी और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र में महापंचायत आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है और बड़ी संख्या में लोग आंदोलन के लिए तैयार हैं।

पुलिस की ओर से जांच जारी

फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। हालांकि, पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।