मुजफ्फरनगर: झिंझाना क्षेत्र में हुए गैंगस्टर राजा उर्फ अरुण की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि वारदात को उसके ही साथियों ने शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद अंजाम दिया था। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जलाने और जमीन में दबाने की भी कोशिश की थी।

पुलिस कार्रवाई में मुख्य आरोपी सोहनवीर उर्फ पिंटू समेत तीन लोगों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी गोली लगने से घायल हुए, जबकि तीसरे को कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया।

शव मिलने से शुरू हुई जांच

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि शुक्रवार देर रात शाहपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि हरसौली गांव के ग्राम प्रधान तेजवीर सिंह के नलकूप पर एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।

इसी बीच शनिवार सुबह सांझक गांव के आम के बाग में कुछ संदिग्ध बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हरसौली प्रधान के भाई और हिस्ट्रीशीटर सोहनवीर उर्फ पिंटू तथा काकड़ा निवासी विकास के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी राजीव उर्फ राजू को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तीनों से हथियार बरामद

पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से तमंचे बरामद किए हैं। पूछताछ में उन्होंने नलकूप पर मिले शव की हत्या करने की बात स्वीकार की है।

एसएसपी के अनुसार, मृतक राजा उर्फ अरुण के खिलाफ हत्या और गैंगस्टर एक्ट समेत पांच मामले दर्ज थे। वहीं मुख्य आरोपी सोहनवीर पर सात और विकास पर चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीसरे आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी है।

हत्या की वजह क्या बताई गई

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अरुण उर्फ राजा उनके पुराने परिचित और दोस्त थे। 24 अप्रैल को वह बस से हरसौली गांव पहुंचा था और उनके साथ जंगल में नलकूप पर शराब पीने लगा।

इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर आरोपियों ने पास पड़ी ईंट से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को जलाने और जमीन में दबाने की कोशिश की गई, लेकिन बाद में वे शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए और पास के बाग में छिप गए।

पुलिस जांच जारी

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या ये आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना में शामिल थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम आगे की जांच में जुटी हुई है।