मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने मोबाइल लूट गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे गैंग को पकड़ने में सफलता हासिल की। सुबह हुई मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों की गिरफ्तारी हुई थी, जबकि उनके दो साथी फरार हो गए थे।

दिनभर चली तलाश के बाद दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि फरार बदमाश सिलाजुड़ी के जंगलों में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

खतौली क्षेत्राधिकारी रूपाली राय चौधरी के अनुसार, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक और सागर के रूप में हुई है।


पुलिस जांच में सामने आया है कि ये चारों आरोपी एक ही गिरोह से जुड़े हैं और एक दिन पहले छाता फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर से मोबाइल और नकदी लूट की घटना को अंजाम दिया था। सुबह की कार्रवाई में दो आरोपियों से कुछ नकदी बरामद हुई थी, जबकि शेष रकम और अन्य सामान फरार आरोपियों के पास से मिला है।

मौके से दो तमंचे, कारतूस और खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल जारी है।