मुजफ्फरनगर। लाल दयाल पब्लिक स्कूल के संचालक राजवीर वर्मा पर हमले के मामले में आरोपी ताजपुर गांव निवासी पीटीआई आशीष चौधरी ने मेरठ के दौराला क्षेत्र में संदिग्ध हालात में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में आर्यवृत्त अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी मौत हो गई। मृतक की जेब से ढाई पेज का सुसाइड नोट मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खतौली स्थित लाल दयाल पब्लिक स्कूल के उपसचिव राजबीर सिंह वर्मा टीटू पर 19 मई को स्कूल में ही उनके कार्यालय में हमला कर घायल किया गया था। स्कूल के चेयरमैन कर्मवीर सिंह ने 20 मई को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रधानाचार्या ममता दत्त शर्मा, सुपरवाइजर ट्रांसपोर्ट श्रीकांत, पीटीआई आशीष चौधरी, चालक अजीत, रोबिन, एक शिक्षिका, प्रमोद, रवि मास्टर, पंकज नामजद किए गए थे।

सोमवार को दिल्ली-दून हाईवे पर दौराला क्षेत्र के वलीदपुर कट के पास गन्ने के खेत में आशीष बेहोशी की हालत में मिला। एंबुलेंस की मदद आर्यवर्त अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की ऑल्टो कार हाईवे किनारे सरसों के खेत के पास खड़ी मिली है। चिकित्सकों ने बताया कि मृतक ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। पुलिस जेब से मिले सुसाइड नोट की जांच कर रही है। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि इस मामले में मुजफ्फरनगर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।

प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा मामला

पीटीआई की मौत के मामले को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। वह मूल रूप से ताजपुर का रहने वाला था और इन दिनों खतौली के सैनीनगर में रह रहा था। चर्चा है कि किसी बात को लेकर मोबाइल पर विवाद हुआ और इसके बाद उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर जान दे दी।

इन आरोपियों ने कर दिया था सरेंडर

राजबीर सिंह वर्मा पर हमला करने के आरोपी अजीत और पंकज ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। जानसठ निवासी रोबिन को गिरफ्तार किया गया था।

तीन आरोपियों पर बढ़ाई गई थी धारा

पुलिस ने आरोप पत्र में तीन आरोपियों पर अमानत में खयानत की धारा बढ़ाई है। आरोपी आशीष चौधरी, श्रीकांत और प्रमोद पर धारा बढ़ाई गई।