मुजफ्फरनगर के दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे के किनारे स्थित सिक्का फार्म हाउस में गुरुवार सुबह चौकीदार का क्षत-विक्षिप्त शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 55 वर्षीय हुसन पाल के रूप में हुई, जो पिछले 11 वर्षों से फार्म हाउस पर चौकीदारी का काम कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, हुसन पाल मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव नौना के निवासी थे और लंबे समय से फार्म हाउस में चौकीदार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

परिवार ने बताया कि गुरुवार सुबह हुसन पाल का फोन नहीं उठाया। बेटे अश्वनी को पिता पर शक हुआ और वह फार्म हाउस पहुंचे। वहां पहुँचकर उन्होंने अपने पिता का शव क्षत-विक्षिप्त हालत में देखा और हैरानी में पड़ गए।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था और शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही नई मंडी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं और उनका कहना है कि हुसन पाल की हत्या कर शव को फार्म हाउस में फेंक दिया गया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में लगी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।