मुजफ्फरनगर। फाल्गुन माह के अवसर पर शिव चौक श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग गया, जब श्री श्याम परिवार सुखी परिवार समिति के आह्वान पर हजारों श्रद्धालु श्री खाटू श्याम जी की निशान यात्रा में शामिल हुए। श्याम भक्तों के हाथों में लहराती धर्म ध्वजाओं से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप सहित अन्य गणमान्य लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती कर किया। इसके बाद पारंपरिक उत्साह के साथ निशान यात्रा आगे बढ़ी। यात्रा का प्रमुख आकर्षण ‘सूरजगढ़ निशान’ रहा। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस पवित्र निशान के नीचे से गुजरने वाले भक्त की मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

निशान यात्रा शिव चौक से शुरू होकर झांसी की रानी चौक, मालवीय चौक, भोपा रोड रेलवे पुल, गौशाला रोड, पीठ बाजार और बिंदल बाजार होते हुए गणपति खाटू श्याम मंदिर पहुंची। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के चरणों में निशान अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के बाहर अंकित गर्ग द्वारा श्रद्धालुओं को कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया गया।

इसके अलावा शुक्रवार को नई मंडी कोतवाली के निकट श्री रामलीला भवन में श्याम बाबा के भव्य संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर वृंदावन से पधारने वाले रसिक संत बाबा चित्र-विचित्र महाराज अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे।

निशान यात्रा में समिति के पदाधिकारियों और नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।