मुजफ्फरनगर में एक प्रेमी युगल ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। दोनों वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे और प्रार्थना पत्र देकर अपनी स्थिति से अवगत कराया।

जानकारी के अनुसार, प्रेमिका खुशबू, जो मूल रूप से जबलपुर की रहने वाली है, की मुलाकात पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव हरिनगर निवासी जितेंद्र से करीब पांच साल पहले एक शादी समारोह में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया।


दोनों ने परिवार की सहमति के बिना शादी करने का निर्णय लिया और बाद में कोर्ट मैरिज कर साथ रहने लगे। लेकिन इस रिश्ते का परिजनों ने कड़ा विरोध किया।

युगल का आरोप है कि शादी के बाद से खुशबू के परिजन लगातार इस रिश्ते को खत्म करने का दबाव बना रहे हैं और उन्हें अलग करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं, जिससे दोनों मानसिक रूप से भयभीत हैं।

प्रेमी युगल ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा है कि उन्हें संरक्षण दिया जाए ताकि वे बिना डर और दबाव के अपना जीवन साथ जी सकें।