मुजफ्फरनगर। कोतवाली पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन युवकों को मौके से हिरासत में लिया गया, जबकि पूछताछ के आधार पर एक अन्य आरोपी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाल दिनेश बघेल ने जानकारी दी कि गुरुवार शाम एसआई अनिल कुमार तोमर अपनी टीम के साथ अलकनंदा होटल के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति गांजा लेकर गंगनहर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी।
कुछ देर बाद बताए गए हुलिए के तीन युवक वहां पहुंचे। मुखबिर की निशानदेही पर जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र सुरेश चंद निवासी बरला छपार, टीटू पुत्र दयाराम निवासी बरला छपार तथा मंजीत पुत्र रामकुमार निवासी जधेडी जाटान के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा देवीदास क्षेत्र के एक युवक से लाकर बेचते थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के साथ-साथ चौथे आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।