मुजफ्फरनगर। सपा के पूर्व राज्यमंत्री की गुंडई चरम पर है। मुजफ्फरनगर में सपा के पूर्व राज्यमंत्री शबाब जैदी की गुंडई से परेशान आकर उनके मौहल्ले के आधा दर्जन परिवारों ने अपने घर के बाहर मकान बिकाऊ के पोस्टर लगाकर मौहल्ले से पलायन की चेतावनी दे दी है। पीड़ित मौहल्ले वासियों का आरोप है कि दबंग सपा के पूर्वराज्य मंत्री द्वारा गली में किये गए अवैध पैड़ी-जीना निर्माण से आधा दर्जन परिवारों को रास्ते में आने जाने से परेशानी हो रही है। हालांकि मकानों पर चस्पा हुए पलायन के पोस्टर की जानकारी पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मौहल्ले वासियों को जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
दरअसल मामला सिटी कोतवाली के आर्यपुरी मौहल्ले का है, जहाँ बुधवार को उस समय सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया जब इस मौहल्ले के 5-6 मकान मालिकों ने सपा के पूर्व राज्यमंत्री शबाब जैदी की गुंडई से परेशान आकर अपने मकानों पर नेता की गुंडागर्दी के चलते मकान बिकाऊ होने के पोस्टर चस्पा करते हुए इस मौहल्ले से पलायन करने की तैयारी कर ली। मौहल्लावासियों का आरोप है कि पूर्व सपा सरकार में राज्य मंत्री रहे शबाब जैदी की दबंगई के चलते छोटी सी गली में पैड़ी-जीना अवैध निर्माण किया गया है जिससे दूसरे समुदाय के 5-6 परिवार इस मौहल्ले से उसकी गुंडागर्दी के चलते पलायन करना चाहते हैं और यही कारण है कि इन पीड़ित परिवारों ने अपने मकान पर यह मकान बिकाऊ है के पोस्टर चस्पा कर दिये। मकान बिकाऊ के पोस्टर चस्पा होने की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौहल्ले वासियों के बीच पहुंची और गली के इस विवाद का जल्द से जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। छोटी गली में पूर्व सपा राज्यमंत्री शबाब जैदी के अवैध निर्माण पर प्रशासन किस तरह की कार्रवाई करता है यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। लेकिन बुधवार को मकानों पर चस्पा हुए सपा के पूर्व राज्यमंत्री के गुंडागर्दी से मकान बिकाऊ के पोस्टर इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं।