मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी किए गए भैंस और कटड़े को बेचने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया एक छोटा हाथी पिकअप वाहन भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरला निवासी लखन सिंह ने थाना छपार में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके यहां से एक भैंस और एक कटड़ा अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। एसपी सिटी अमृत जैन और सीओ सदर डॉ. रविशंकर मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव बरला निवासी रविश, अनिकेत और दीपक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 24 मई की रात गांव से भैंस और कटड़े की चोरी की थी। इसके बाद वे चोरी किए गए पशुओं को पिकअप वाहन में लादकर बेचने के लिए जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
बरामदगी में चोरी की गई भैंस, कटड़ा और यूपी 12 सीटी 0851 नंबर का छोटा हाथी पिकअप वाहन शामिल है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।